HTML tutorial

महिला मोर्चा ने चलाए जागरूकता और स्वच्छता अभियान, महिलाओं को किया आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित

Pahado Ki Goonj

महिला मोर्चा ने चलाए जागरूकता और स्वच्छता अभियान, महिलाओं को किया आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित
बड़कोट। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. हिमानी वैष्णव के नेतृत्व में 16 से 19 जून तक जनपद उत्तरकाशी के विभिन्न क्षेत्रों में जन-जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। चार दिवसीय प्रवास के दौरान महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
16 जून को नौगांव मंडल में “कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली” अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के बाद जिला एवं मंडल पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक कर आगामी कार्यक्रमों और संगठन विस्तार पर चर्चा की गई।
17 जून को कालिंदी मंडल के राणा गांव में महिला चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।
18 जून को महिला मोर्चा की टीम ने यमुनोत्री धाम पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाया और श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसी अवसर पर “कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली” अभियान के तहत यमुनोत्री के तप्तकुंड में प्राकृतिक तरीके से चावल और आलू पकाए गए। इसके बाद श्रद्धालुओं एवं तीर्थ पुरोहितों के साथ प्रसाद ग्रहण कर स्वस्थ एवं प्राकृतिक जीवनशैली का संदेश दिया गया।
19 जून को उपराड़ी ग्राम सभा में मातृशक्ति के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं को स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि महिला मोर्चा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय सह प्रभारी बबली चौहान, जिलाध्यक्ष ललिता सेमवाल, अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग के सदस्य चंडी प्रसाद बेलवाल, रेड राइस लेडी स्वतंत्री बंधानी सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You May Like