
पत्रकारों से मिले मालचंद, आगामी चुनाव को लेकर दिए संकेत
**पत्रकार संवाद में पूर्व विधायक ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर की चर्चा, विपक्षियों को विकास कार्यों के मुद्दे पर दी चुनौती**
उत्तरकाशी। पुरोला।
दीपावली के मौके पर पूर्व विधायक मालचंद ने पत्रकार संवाद कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्र की राजनीति में अपनी सक्रियता का संदेश दिया। पत्रकारों से मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का ब्योरा रखा और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों के संकेत दिए।
इस दौरान मालचंद ने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए विकास कार्यों को लेकर खुली चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि आज कई लोग विकास की बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, लेकिन यदि वास्तव में विकास कार्य किए हैं तो पांच काम के पत्थर दिखा दें, तब उनकी बात को मानूंगा।
पूर्व विधायक ने कहा कि उनके कार्यकाल में पुरोला विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए गए हैं और क्षेत्र की जनता उनके कामकाज से भली-भांति परिचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें राजनीतिक रूप से घेरने की कोशिश की और उनके खिलाफ कई मुकदमे भी दर्ज कराए, लेकिन जनता सब कुछ जानती है।
मालचंद ने कहा कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से अंतिम फैसला नहीं होता, बल्कि जनता की अदालत में ही इसका निर्णय होगा। समय आने पर जनता अपना फैसला सुनाएगी।
पत्रकार संवाद के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव, क्षेत्रीय विकास और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई। दीपावली के बहाने आयोजित इस मुलाकात को मालचंद की चुनावी तैयारियों और क्षेत्र में राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने के तौर पर भी देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख इशिता शाह, जिला पंचायत सदस्य विजय बधानी, बलदेव असवाल, अनिल असवाल सहित क्षेत्र के दर्जनों पत्रकार एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


