
जयकारों और सेना के बैंड की धुनों के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए बाबा केदार के कपाट, भावुक विदाई के साथ ऊखीमठ रवाना हुई उत्सव डोली
सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया, अब छह माह तक ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे बाबा केदार के दर्शन
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर 2026 को प्रातः 8:30 बजे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया। इस पावन अवसर पर पूरा धाम बाबा केदार के जयकारों और भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों से गुंजायमान रहा। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई।

बुधवार तड़के चार बजे से ही मंदिर में कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठानों के साथ शुरू हो गई थी। निर्धारित परंपराओं के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इसके बाद शुभ मुहूर्त में सुबह 8:30 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए शीतकाल को देखते हुए बंद कर दिए गए। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और बाबा केदार के जयकारों से हिमालय की वादियां गूंज उठीं।
कपाट बंद होने के पावन अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी अवनी तिवारी, चौकी प्रभारी केदारनाथ मुकेश डिमरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी एवं देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कपाट बंद होने के बाद भगवान श्री केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर की परिक्रमा की और अपने शीतकालीन प्रवास ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। बाबा की डोली को विदाई देते समय श्रद्धालुओं की आंखें नम नजर आईं। भक्तों ने जय बाबा केदार के जयकारों के साथ भावुक मन से अपने आराध्य को विदाई दी। भारतीय सेना के बैंड की धुनों ने इस ऐतिहासिक पल को और भी भावपूर्ण बना दिया।
तीन दिन में पहुंचेगी ऊखीमठ
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाबा केदार की उत्सव डोली का पहला रात्रि प्रवास 11 नवंबर को रामपुर में होगा। 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी, जबकि 13 नवंबर को भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना प्रारंभ होगी।
अब ऊखीमठ में होंगे बाबा केदार के दर्शन
शीतकाल के आगामी छह माह तक बाबा केदार की नियमित पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में संपन्न होंगे। इस दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल पर दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे ।


