
जयकारों के बीच मां यमुना की विदाई, छह माह अब खरसाली में होंगे दर्शन ।
भैया दूज पर सुबह 10:28 बजे विधि-विधान से बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट, भावुक हुए श्रद्धालु; फूलों से सजा मां यमुना का शीतकालीन धाम, स्वागत को तैयार खरसाली गांव
(उत्तरकाशी)। बड़कोट। रिपोर्ट मदन पैन्यूली
हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच विराजमान मां यमुना अब छह माह के लिए अपने शीतकालीन प्रवास पर पहुंच गई हैं। बुधवार को भैया दूज के पावन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और धार्मिक परंपराओं के बीच सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होते ही धाम में मां यमुना के जयकारे गूंज उठे। इस भावुक पल को देखकर सैकड़ों श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।
सुबह से ही यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहितों ने विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। निर्धारित मुहूर्त पर मंदिर के कपाट बंद किए गए। इसके साथ ही वर्ष 2026 की ग्रीष्मकालीन यमुनोत्री यात्रा का समापन हो गया। श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की और अगले यात्रा सीजन में फिर आने का संकल्प लेकर विदाई ली।
मां के स्वागत में सज उठा खरसाली, गांव में उत्सव जैसा माहौल
यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली (खुशीमठ) के लिए रवाना हुई। मां के आगमन को लेकर खरसाली गांव में खासा उत्साह देखने को मिला। मां यमुना के शीतकालीन गद्दी स्थल को रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा में अपनी आराध्य देवी के स्वागत के लिए तैयार नजर आए।
डोली के गांव पहुंचने पर पारंपरिक पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मां यमुना का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद आगामी छह माह तक श्रद्धालु खरसाली स्थित शीतकालीन मंदिर में मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति का भी प्रतीक है यह परंपरा
यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने और मां यमुना की डोली के खरसाली पहुंचने की परंपरा यमुनाघाटी की सदियों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी है। सर्दियों में हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के चलते धाम की यात्रा बंद रहती है। ऐसे में खरसाली गांव अगले छह माह तक मां यमुना की आराधना का प्रमुख केंद्र बना रहेगा।
इस अवसर पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री देवेंद्र फडेन्द्र नाथ शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक, परशुराम जगूड़ी, प्रदेश सह संयोजक डॉ. विजय बडोनी, जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गंगाड़ी, अजबीन पंवार, कपिल रावत, रजनीश चौहान, अमित रावत, एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी, तहसीलदार रेनु सैनी, सीओ चंचल शर्मा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद, मंदिर समिति सचिव सुनील उनियाल, प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, गिरीश उनियाल, प्रदीप उनियाल, गौरव उनियाल,विपिन उनियाल, भागेश्वर उनियाल,आशीष उनियाल, यशपाल राणा, रणवीर राणा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।


