HTML tutorial
HTML tutorial

मां गंगा के जयकारों के बीच गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, मुखबा रवाना हुई उत्सव डोली

Pahado Ki Goonj

### मां गंगा के जयकारों के बीच गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, मुखबा रवाना हुई उत्सव डोली

10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए मां गंगा के दर्शन, छह माह तक मुखबा के शीतकालीन प्रवास में होंगे दर्शन; मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने प्रशासन और पुलिस का जताया आभार

उत्तरकाशी। रिपोर्ट मदन पैन्यूली 

विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर दोपहर 12:05 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही मां गंगा की उत्सव डोली हजारों श्रद्धालुओं के जयकारों और आर्मी बैंड की मधुर धुनों के बीच अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना हो गई।

कपाट बंद होने के अवसर पर गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मां गंगा के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली आज रात्रि मार्कंडेय मंदिर में विश्राम करेगी। इसके बाद बुधवार को भैया दूज के पावन अवसर पर डोली मुखबा पहुंचेगी, जहां ग्रामीण पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां गंगा का स्वागत करेंगे।

अगले छह माह तक श्रद्धालु मुखबा स्थित शीतकालीन मंदिर में मां गंगा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे। मान्यता है कि गंगोत्री धाम के दर्शन के साथ मुखबा में मां गंगा के दर्शन करने से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य लाभ प्राप्त होता है।

इस वर्ष गंगोत्री धाम की यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाया है। कपाट खुलने से लेकर बंद होने तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने सफल यात्रा संचालन के लिए जिला प्रशासन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पुलिस प्रशासन और यात्रा व्यवस्था में जुटे सभी लोगों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि प्रशासन के बेहतर सहयोग और व्यवस्थाओं के चलते इस वर्ष चारधाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हुई और रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं ने बिना किसी व्यवधान के मां गंगा के दर्शन किए।

सुरेश सेमवाल ने देश-विदेश के श्रद्धालुओं से अपील की कि वे शीतकालीन यात्रा के दौरान मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा जरूर पहुंचें और मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि गंगोत्री धाम के साथ मुखबा में भी दर्शन करने का अपना विशेष आध्यात्मिक महत्व है।

कपाट बंद होने के साथ ही गंगोत्री धाम में ग्रीष्मकालीन यात्रा का समापन हो गया है, लेकिन मां गंगा के दर्शन और आस्था का सिलसिला अब अगले छह माह तक मुखबा में जारी रहेगा।

You May Like