कुथनौर अग्निकांड पीड़ित परिवार की मदद को आगे आए दीपक बिजल्वाण, 50 हजार की आर्थिक सहायता
बड़कोट। तहसील बड़कोट के कुथनौर गांव में हुए भीषण अग्निकांड से दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अचानक लगी आग ने प्रेम नौटियाल और गणेश नौटियाल के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते घर में रखा सामान, नगदी और जेवरात समेत जरूरी सामग्री जलकर राख हो गई। अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के अन्य मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। हालांकि, तब तक पीड़ित परिवारों का काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
अग्निकांड की जानकारी मिलने पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए मौके पर पहुंचकर 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से भी अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लेकर पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

