
# धार्मिक नगरी के दर्जे को तरसी उत्तरकाशी! यज्ञ के बीच फिर गूंजा हस्ताक्षर अभियान, 2027 चुनाव से पहले मान्यता नहीं मिली तो मतदान बहिष्कार की चेतावनी
**हरिद्वार-ऋषिकेश की तर्ज पर उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी घोषित करने की मांग तेज, मंदिर जीर्णोद्धार समिति ने मुख्यमंत्री को भेजने के लिए शुरू किया हस्ताक्षर अभियान।**
**उत्तरकाशी।** मंदिरों की नगरी उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी घोषित करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। वर्षों से उत्तरकाशी मंदिर जीर्णोद्धार समिति और विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठन हस्ताक्षर अभियान, पोस्टकार्ड अभियान और ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार से यह मांग उठाते आ रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
इसी मांग को लेकर उत्तरकाशी में आयोजित पंचकुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण गौ-गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के दौरान हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। उत्तरकाशी मंदिर जीर्णोद्धार समिति के प्रदेश अध्यक्ष अजय प्रकाश बडोला ने कथा वाचक आचार्य सूर्यकांत बलूनी से भेंट कर उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी घोषित करने की मांग को लेकर चलाए जा रहे अभियान में सहयोग की अपील की। समिति ने व्यास जी को मणिकर्णिका घाट पर एक दिन गंगा आरती के लिए भी आमंत्रित किया।
समिति पदाधिकारियों का कहना है कि उत्तरकाशी धार्मिक, आध्यात्मिक और पौराणिक दृष्टि से विशेष पहचान रखती है। यहां काशी विश्वनाथ मंदिर सहित अनेक प्राचीन मंदिर और धार्मिक स्थल मौजूद हैं। इसके बावजूद इस नगरी को अब तक सरकारी स्तर पर धार्मिक नगरी का दर्जा नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे पूर्व अष्टाध्याय महापुराण के दौरान भी हस्ताक्षर अभियान चलाकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन एवं पोस्टकार्ड भेजे गए थे, लेकिन मांग पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं नगर पालिका परिषद उत्तरकाशी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान ने भी इस मांग को लेकर पालिका बोर्ड में प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा है। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी की धार्मिक पहचान और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए वह पुनः सरकार को पत्र भेजकर इस मांग को प्रमुखता से उठाएंगे।
महायज्ञ के दौरान जिला व्यापार मंडल और उत्तरकाशी मंदिर जीर्णोद्धार समिति की ओर से मां गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता का संदेश देते हुए एक सप्ताह तक विशेष गंगा आरती का आयोजन भी किया जा रहा है।
समिति पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी घोषित नहीं किया गया तो समिति से जुड़े पदाधिकारी मतदान नहीं करेंगे। उन्होंने सरकार से हरिद्वार और ऋषिकेश की तर्ज पर उत्तरकाशी को भी धार्मिक नगरी का दर्जा देने की मांग की।
**इन लोगों ने किया हस्ताक्षर अभियान में प्रतिभाग**
अभियान में कांग्रेस के पूर्व राज्य मंत्री घनानंद नौटियाल, जिला पंचायत सदस्य कमल सिंह रावत, आचार्य डॉ. माधव प्रसाद सेमल, डॉ. मुरली मनोहर भट्ट, गायत्री परिवार की मीना नौटियाल, राष्ट्रीय श्रीराम सेवादल के जितेंद्र चौहान, किरण पवार, कमलेश्वरी भंडारी, उषा भट्ट, विजय, राजेंद्र व्यास, प्रताप सिंह राणा, बुद्धि प्रसाद, पंडित गोपाल प्रसाद नौटियाल, आलोक सेमवाल, विश्व हिंदू परिषद के जिला सेवा प्रमुख मानसिंह रावत, समरसता प्रमुख राकेश रमोला, मंदिर जीर्णोद्धार समिति के डॉ. देवानंद गैरोला, पंडित चंद्रशेखर नौटियाल, गंगा मंदिर समिति की पुष्पा पवार तथा गंगा भजन-कीर्तन मंडली की ममता मिश्रा सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर कर समर्थन जताया।
समिति ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान कथा के अंतिम दिवस तक जारी रहेगा। इसके बाद सभी हस्ताक्षर मुख्यमंत्री को भेजकर उत्तरकाशी को धार्मिक नगरी का सरकारी दर्जा देने की मांग दोबारा उठाई जाएगी।


