
प्लास्टिक को कहा ना, स्वच्छ बड़कोट का लिया संकल्प
बड़कोट नगर में NDRF और छात्र-छात्राओं ने दिया जागरूकता का संदेश ।
उत्तरकाशी। बड़कोट।
नगर पालिका परिषद बड़कोट की ओर से संचालित ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को ‘Say No to Plastic’ जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में नगर पालिका की IEC टीम, NDRF के जवानों के साथ क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नगरवासियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि प्लास्टिक आसानी से नष्ट नहीं होता और इसका अत्यधिक उपयोग पर्यावरण, मिट्टी एवं जल स्रोतों के लिए नुकसानदायक है। प्लास्टिक के कारण नालियां जाम होने और जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही पशु-पक्षियों के जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल ने नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कूड़े का उचित निस्तारण करने का आह्वान किया।
अभियान में शामिल नगर पालिका की टीम, NDRF जवानों और छात्र-छात्राओं ने लोगों को कपड़े एवं जूट के बैग अपनाने का संदेश दिया। साथ ही बाजार जाते समय अपने साथ पुनः उपयोग किए जा सकने वाले बैग रखने की अपील की गई, ताकि सिंगल यूज प्लास्टिक की थैलियों पर निर्भरता कम की जा सके।
अभियान के दौरान लोगों को यह संदेश भी दिया गया कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जिम्मेदारी निभाए तो बड़कोट को स्वच्छ, सुंदर एवं हरा-भरा बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
नगर पालिका परिषद के अनुसार अभियान का उद्देश्य नगर क्षेत्र में प्लास्टिक के उपयोग को न्यूनतम करना, नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ एवं सुंदर बड़कोट के निर्माण में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर नगर पालिका के कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के साथ NDRF के जवान मौजूद रहे।


