
8 घंटे में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार—72 हजार नकद और iPhone 13 Pro बरामद ।
उत्तरकाशी। दुकान की नकदी लेकर घर लौट रहे दुकानदार के बैग से ₹2 लाख चोरी करने के मामले का उत्तरकाशी पुलिस ने महज 8 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने 21 वर्षीय शिवम डबराल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹72 हजार नकद और चोरी की रकम से खरीदा गया करीब ₹75 हजार कीमत का iPhone 13 Pro बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को पीड़ित ने कोतवाली उत्तरकाशी में तहरीर देकर बताया था कि 12 सितंबर की रात दुकान बंद करने के बाद वह नकदी लेकर घर जा रहा था। रास्ते में एक युवक ने उसे बातों में उलझाया और बैग से ₹2 लाख की नकदी निकाल ली। शिकायत पर पुलिस ने BNS की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कमलेश उपाध्याय ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। सीओ जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस व एसओजी टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मैनुअल पुलिसिंग और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान शिवम डबराल पुत्र रोशन लाल डबराल, निवासी भैरव चौक, उत्तरकाशी के रूप में हुई है। उसके पास से ₹72,000 नकद और iPhone 13 Pro बरामद हुआ। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संगीता नौटियाल, कांस्टेबल दीपक चौहान, सुनील मैठाणी, काशीष भट्ट (एसओजी), नीरज रावत (एसओजी) और महिला कांस्टेबल पूजा कलूडा (सीसीटीवी कंट्रोल रूम) शामिल रहे। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।

