HTML tutorial

कुंभ-2027 की तैयारियों पर मुख्य सचिव का एक्शन मोड, अरबेनिया में घूमकर परखी निर्माण की रफ्तार

Pahado Ki Goonj

कुंभ-2027 की तैयारियों पर मुख्य सचिव का एक्शन मोड, अरबेनिया में घूमकर परखी निर्माण की रफ्तार

हरिद्वार ।  कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन गुरुवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने अधिकारियों के साथ अरबेनिया वाहन से रोड़ी-बेलवाला, हरकी पैड़ी, ऋषिकुल, रोशनाबाद, दक्षद्वीप-बैरागी कैंप और सीसीआर टावर तक विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं को मौके पर परखा।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरे हों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। जिन परियोजनाओं की रफ्तार धीमी है, उनकी नियमित निगरानी कर बाधाओं का तत्काल समाधान करने को कहा गया।

सड़क, घाट, पुल और फुटपाथ पर विशेष फोकस

मुख्य सचिव ने रोड़ी-बेलवाला और हरकी पैड़ी क्षेत्र की पुनर्विकास परियोजनाओं का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। प्रशासनिक मार्ग के लिए ₹4325.14 लाख और हरकी पैड़ी रिवाइटलाइजेशन के लिए ₹6677.21 लाख की धनराशि स्वीकृत है।

हाथीपुल से अलकनंदा के बीच घाटों के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मजबूत रेलिंग और चेन की व्यवस्था तथा पैदल आवागमन को सुगम बनाने पर जोर दिया।

ऋषिकुल क्षेत्र में ओल्ड दिल्ली-नीतिपास मार्ग के नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए सड़क किनारे पौधरोपण और हरियाली विकसित करने के निर्देश दिए। शहर की आंतरिक सड़कों के नवीनीकरण के लिए ₹2164.49 लाख स्वीकृत हैं।

चौराहों पर सुरक्षित पैदल आवागमन

शिवमूर्ति चौक, शंकर आश्रम चौक और भगत सिंह चौक से विल्केश्वर तक चौराहों के सुधार व पैडेस्ट्रीयन फुटपाथ कार्यों की भी समीक्षा की गई। ₹683.60 लाख की लागत वाले इस कार्य में पैदल यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा गया।

ड्रग वेयरहाउस और बैरागी कैंप पुल का निरीक्षण

रोशनाबाद में ₹251.98 लाख की लागत से निर्माणाधीन ड्रग वेयरहाउस का निरीक्षण कर मुख्य सचिव ने इसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का जायजा लिया। पुल के लिए ₹1246.09 लाख स्वीकृत हैं।

सीसीआर-2 भवन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुंभ शुरू होने से पहले भवन तैयार करने के लिए जरूरत पड़ने पर दिन-रात काम कराने के निर्देश दिए।

गुणवत्ता जांच में भी सख्ती

डाम कोठी में हुई समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने कुंभ की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त मानव संसाधन और मशीनरी उपलब्ध कराकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।

निर्माण कार्यों की थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच के लिए नियुक्त एजेंसियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि गुणवत्ता जांच लगातार और सख्ती से होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर कमी मिलने पर उसे तत्काल दूर कराया जाए।

मुख्य सचिव ने एनएच परियोजनाओं से प्रभावित होने वाले पार्किंग स्थलों और डायवर्जन मार्गों के लिए वैकल्पिक रास्तों एवं पुलों की योजनाओं की भी जानकारी ली। साथ ही कुंभ के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ-2027 की सफलता के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु हरिद्वार से बेहतर अनुभव लेकर लौटें।

मेला अधिकारी सोनिका ने बताया कि सभी कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं और उनकी प्रगति एवं गुणवत्ता की बहुस्तरीय निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कुंभ क्षेत्र के पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराया जा चुका है और आईआईटी रुड़की से भी जांच कराने का आग्रह किया गया है। सीसीआर-2 भवन की गुणवत्ता जांच के लिए केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान से भी जांच कराने का निर्णय लिया गया है।

You May Like