
6.26 ग्राम स्मैक और 9,200 रुपये के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार,
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.26 ग्राम स्मैक और 9,200 रुपये की नकदी बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 1.90 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की शाम कोतवाली पुलिस ने जोकाणी, ज्ञानसू के पास चेकिंग के दौरान शोभित उर्फ बबलू को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/27ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ उत्तरकाशी और हरिद्वार में एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ पहले गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन और सीओ जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगत सिंह, अपर उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी गोविन्द गुसाईं और चालक जयेन्द्र सिंह शामिल रहे।


