
### जखोल गांव में भालू का हमला, 17 वर्षीय किशोर घायल
साथी युवक के शोर मचाने पर किशोर को छोड़कर जंगल भागा भालू, मोरी अस्पताल में उपचार जारी
मोरी उत्तरकाशी । जनपद के मोरी विकासखंड के जखोल गांव में भालू के हमले से 17 वर्षीय किशोर अभिषेक पुत्र सुबेलाल घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब अभिषेक छानियों और बगीचे की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया।
बताया गया कि साथ मौजूद दूसरे युवक ने शोर मचाया, जिससे भालू किशोर को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घायल अभिषेक को तत्काल सीएचसी मोरी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
वन्यजीव पशु विहार की उप निदेशक निधि सेमवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जंगल की ओर अकेले न जाएं और सुबह-शाम व रात के समय विशेष सतर्कता बरतें।


