
उत्तराखण्ड को मिल सकती हैं तीन बड़ी सौगातें, IISER-AIIA की स्थापना और राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रस्ताव पर केंद्र का सकारात्मक रुख
**सीएम धामी की पहल लाई रंग, उत्तरकाशी-घनसाली-तिलवाड़ा मार्ग को नेशनल हाईवे बनाने पर भी होगा विचार**
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से उत्तराखण्ड को शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तीन बड़ी सौगातें मिलने की उम्मीद जगी है। प्रदेश में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), ऊधमसिंह नगर के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना और उत्तरकाशी से घनसाली होते हुए तिलवाड़ा तक के मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री धामी ने इन तीनों महत्वपूर्ण प्रस्तावों को लेकर केंद्र सरकार से अनुरोध किया था। अब केंद्रीय मंत्रियों की ओर से भेजे गए पत्रों में इन प्रस्तावों पर भविष्य में विचार करने का भरोसा दिया गया है।
**IISER के लिए भविष्य में होगा विचार**
प्रदेश में विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए IISER की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में केंद्रीय संस्थानों के विस्तार के दौरान इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
**उत्तरकाशी से तिलवाड़ा तक सड़क को मिले राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा**
उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की मांग पर भी केंद्र का सकारात्मक रुख सामने आया है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा से जुड़ी नीति को अंतिम रूप दिए जाने के बाद इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिलने से क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी और विकास को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
**खुरपिया फार्म में बनेगा AIIA तो बढ़ेंगी आयुर्वेद चिकित्सा सुविधाएं**
ऊधमसिंह नगर के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी केंद्र ने भरोसा दिया है। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि उत्तराखण्ड सरकार का प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है। निर्धारित प्रक्रिया और मानकों के अनुसार इस पर विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से प्रदेश में उच्च शिक्षा, अनुसंधान, आयुर्वेद चिकित्सा और सड़क सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।


