HTML tutorial

राजगढ़ी में एसपी ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, नशे और साइबर अपराध से बचाव पर दिया जोर0

Pahado Ki Goonj

राजगढ़ी में एसपी ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, नशे और साइबर अपराध से बचाव पर दिया जोर

उत्तरकाशी। पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज राजगढ़ी में पुलिस-जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर क्षेत्र की समस्याएं और बेहतर पुलिसिंग को लेकर सुझाव लिए गए।

एसपी ने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस की पहुंच सुनिश्चित करना और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच निरंतर संवाद से आपसी विश्वास बढ़ता है और स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।

नशे के खिलाफ पुलिस के साथ आगे आने की अपील

कार्यक्रम में युवा पीढ़ी में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता जताते हुए एसपी ने कहा कि उत्तरकाशी पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों और युवाओं से नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने तथा नशे से जुड़े मामलों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।

साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी

पुलिस की साइबर टीम ने ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, साइबर बुलिंग, साइबर स्टॉकिंग, फेक कॉल व मैसेज, वॉइस क्लोनिंग सहित विभिन्न साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। लोगों से अपील की गई कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, CVV, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। साइबर या वित्तीय ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करने की जानकारी भी दी गई।

इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा, गौरा शक्ति मॉड्यूल, डायल-112 तथा यातायात नियमों के संबंध में भी ग्रामीणों और विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जयवीर जयाड़ा सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान एसपी कमलेश उपाध्याय ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री जयवीर जयाड़ा को सम्मानित किया। उन्होंने समाज एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

राज्यमंत्री ने बताया महत्वपूर्ण पहल

कार्यक्रम में राज्यमंत्री एवं भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रामसुन्दर नौटियाल ने पुलिस-जन संवाद कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी तथा ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से नशे और अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करने तथा साइबर अपराधों के प्रति स्वयं और अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा, प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चन्द्र, थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत, महिला काउंसलिंग सेल प्रभारी उपनिरीक्षक गीता, जानकीचट्टी चौकी प्रभारी राजेश कुमार, नौगांव चौकी प्रभारी भूपेन्द्र रावत, यातायात पुलिस के अ0उ0नि0 जितेन्द्र, अ0उ0नि0 दिग्पाल सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, ग्रामीण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

You May Like