
गंगनानी में नदी में समाई इनोवा, चार की दर्दनाक मौत, लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू जारी
उत्तरकाशी। गंगोत्री हाईवे पर गंगनानी के पास एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। धारा कुंड से महज 20 मीटर आगे डबरानी की ओर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसा इतना भयावह था कि चार लोगों की जान चली गई। रेस्क्यू टीमों ने नदी किनारे से चारों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि वाहन में सवार अन्य लोगों के लापता होने की आशंका के चलते तलाश अभियान जारी है।
बताया जा रहा है कि डेल्टा के माध्यम से पुलिस को कार के नदी में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं।
नदी में गिरे वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए बचाव दल जुटे हुए हैं।
अपडेट
हादसे में दो महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान अशोकबेन पटेल (49), लतिका पटेल (19), घनश्यामभाई सरवैया (32) और वाहन चालक सुरेंद्र सिंह (निवासी हरिद्वार) के रूप में हुई है।
वहीं, 17 वर्षीय वेदांत पटेल गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे नदी से सड़क तक लाकर हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे में दो महिलाएं सुदाबेन पटेल (45) और किरणबेन पटेल (34) लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है।



