
हरेला पर पौधरोपण से दिया हरियाली का संदेश ।
बड़कोट, 16 जुलाई। पीएम श्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बड़कोट में गुरुवार को हरेला पर्व एवं बीज बम अभियान बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नंदगांव संकुल की सीआरपी सुश्री अपर्णा, प्रधानाध्यापिका श्रीमती सरिता, शिक्षकगण, अभिभावकों तथा विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर के साथ-साथ आसपास की खाली भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। विद्यार्थियों ने अपने घरों से विभिन्न प्रकार के बीज लाकर मिट्टी के गोले (बीज बम) तैयार किए। इसके बाद विद्यालय परिवार और अभिभावकों ने स्कूल वाहन से बाहर जाकर खाली पड़ी भूमि पर बीज बमों का छिड़काव किया तथा पौधरोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि आज लगाए गए पौधे और बोए गए बीज भविष्य में वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा शुद्ध वायु और हरित वातावरण उपलब्ध कराएंगे।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका श्रीमती सरिता, सहायक अध्यापक डॉ. जगदीश सिंह रावत, देशराज चौहान, अलका अग्रवाल, सविता रावत, सचिन रावत, जगिता सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

