HTML tutorial

केंद्रीय विद्यालय की विद्यालय प्रबंधन समिति एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक संपन्न ।

Pahado Ki Goonj

केंद्रीय विद्यालय की विद्यालय प्रबंधन समिति एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक संपन्न ।

नई टिहरी। शिक्षण सत्र 2025–26 के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय की विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की मार्च 2026 की बैठक जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नई टिहरी में निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालय भवन को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर विद्यालय प्रबंधन को हस्तांतरित करने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए। उन्होंने कहा कि भवन को विद्यालय प्रबंधन समिति को सौंपने से पहले कार्यदायी संस्था और प्रबंधन समिति द्वारा सभी कार्यों की समुचित जांच सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ही भवन को अपने अधीन लिया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्युत, पेयजल, शौचालय, आवागमन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं व्यवस्थित होने के बाद ही विद्यालय को स्थानांतरित किया जाए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप चन्द्र थपलियाल, डायट प्राचार्य बड़ोनी, अधिशासी अभियंता लोनिवि योगेश कुमार तथा विद्युत विभाग के अमित आनंद सहित प्रबंधन समिति के सदस्य और कार्यदायी संस्था से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।
टिहरी में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित, पीड़ित महिलाओं की सुनी गई समस्याएं
नई टिहरी। बुधवार को जिला सभागार कलेक्ट्रेट टिहरी गढ़वाल में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत की अध्यक्षता तथा सदस्या सरोज बहुगुणा की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर प्रदेश भर में जन-जन की सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उनके अधिकारों और हितों की रक्षा करना महिला आयोग का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला घरेलू हिंसा से पीड़ित होकर थाने में शिकायत दर्ज कराने जाती है तो पुलिस का कर्तव्य है कि उसकी शिकायत को गंभीरता से लिया जाए, जिससे महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि महिला आयोग का कार्य पुलिस के सहयोग से ही प्रभावी ढंग से संचालित होता है और इसमें पुलिस विभाग सहयोग कर रहा है।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा की गई। कई पीड़ित महिलाओं से उपाध्यक्ष ने फोन के माध्यम से भी जानकारी ली। कुछ मामलों के अन्य जनपदों और राज्यों में स्थानांतरित होने पर उन्हें सूची से हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
अपने टिहरी भ्रमण के दौरान उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट भी की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आलोक कुमार त्रिपाठी, डीपीओ संजय गौरव, संबंधित विभागों के अधिकारी, अधिवक्ता तथा अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

You May Like