HTML tutorial

10 सूत्रीय मांगों पर सरकार को घेरा,ब्लॉक कार्यालयों में प्रधानों ने जड़े ताले ।

Pahado Ki Goonj

10 सूत्रीय मांगों पर सरकार को घेरा,ब्लॉक कार्यालयों में प्रधानों ने जड़े ताले ।

उत्तरकाशी।
पुरोला/मोरी। 

ग्राम प्रधानों की 10 सूत्रीय मांगों पर सरकार की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से अब नाराजगी खुलकर सड़क पर उतर आई है। बुधवार को भटवाड़ी, पुरोला और मोरी विकासखंडों में ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालयों में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानों ने मांगों के शीघ्र निस्तारण की आवाज उठाई।
पुरोला में ज्ञापन, मोरी में तालाबंदी
पुरोला ब्लॉक कार्यालय परिसर में प्रधान संगठन के पदाधिकारियों और ग्राम प्रधानों ने धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रधानों ने बीडीओ के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में संगठन की 10 सूत्रीय मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की गई। प्रधानों का कहना है कि पूर्व में भी शासन को मांगों से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, मोरी में ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश प्रसाद डिमरी के नेतृत्व में प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय पर तालाबंदी कर धरना दिया। प्रधानों ने दो टूक कहा कि मांगों की अनदेखी अब आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर कर रही है।
प्रधान संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को ब्लॉक स्तर से आगे व्यापक रूप दिया जाएगा।
पुरोला में प्रदर्शन के दौरान त्रिलोक बिजल्वाण, प्रमोद रावत, मनमोहन सिंह, बलवंत सिंह पंवार, किरण जयाड़ा, कुलवंती, विजय प्रसाद, जगबीर राणा, सुंदर लाल, बबीता पंवार और अमृता देवी सहित दर्जनों ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
वही भटवाड़ी ब्लॉक में ग्राम प्रधान संगठन ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के सामने आवाज बुलंद की है। प्रधान संगठन के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान कुटेटी अजीतपाल सिंह पंवार की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र खंड विकास अधिकारी भटवाड़ी के माध्यम से भेजा गया है। पत्र में ग्राम पंचायतों और ग्राम प्रधानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के शीघ्र निराकरण की मांग की गई है।

You May Like