
नशे से दूर, संकल्प से जुड़ें युवा—जुणगा इंटर कॉलेज में चला नशा मुक्ति अभियान ।
उत्तरकाशी। रिपोर्ट मदन पैन्यूली।
प्रज्ञा पीठ श्रीराम यज्ञशाला गायत्री भवन कनसेन, जोशियाड़ा से गायत्री परिवार की टीम शनिवार को करीब 60 किलोमीटर दूर समुद्र तल से लगभग 5500 फीट की ऊंचाई पर स्थित राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज जुणगा पट्टी भण्डारस्यूं, विकासखंड डंडा पहुंची। यहां छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक जय स्वरूप बहुगुणा, वरिष्ठ गायत्री परिजन प्रेमलाल बिजलवान, गायत्री परिजन चतर सिंह रावत, डॉ. मनवीर सिंह भंडारी और आकाश सेमवाल ने प्रतिभाग किया।
वरिष्ठ गायत्री परिजन प्रेमलाल बिजलवान ने छात्र-छात्राओं को युग निर्माण के 18 सत्संकल्पों की जानकारी दी और सभी संकल्पों को विद्यार्थियों से दोहराने के साथ जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
डॉ. मनवीर सिंह भंडारी ने मेडिकल साइंस के माध्यम से नशे और विभिन्न व्यसनों से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने सुबह करीब 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विद्यार्थियों के बीच रहकर नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया और छात्र-छात्राओं को व्यसन मुक्ति का संकल्प दिलाया।
आकाश सेमवाल ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खाली समय का सदुपयोग करने तथा खेलकूद जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रचनात्मक गतिविधियों में समय लगाने से युवाओं का ध्यान नशे और अन्य गलत आदतों से दूर रखा जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक जय स्वरूप बहुगुणा ने अभियान के दौरान बताए गए सभी विषयों को संक्षेप में दोहराते हुए विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय के अध्यापकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवन जीने और समाज के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।


