
तीज पर्व पर नेपाल त्रासदी में मृतकों को दी श्रद्धांजलि ।
उत्तरकाशी । बड़कोट ।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय गोरखाली समुदाय की ओर से बड़कोट में तीज पर्व के अवसर पर नेपाल में आई त्रासदी में मारे गए लोगों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभी ने दो मिनट मौन धारण करके नेपाल त्रासदी में मरे लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की । इस दौरान समुदाय के सदस्यों सहित मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
बताया गया कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय गोरखाली समुदाय बड़कोट की ओर से हर वर्ष तीज पर्व को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाता रहा है। हालांकि, इस वर्ष नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के चलते कार्यक्रम को सादगी के साथ मनाते हुए त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया गया।
समुदाय के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष दिनेश राणा ने कहा कि नेपाल में हुई त्रासदी ने सभी को गहरा दुख पहुंचाया है। ऐसे समय में उत्सव के साथ-साथ मृतकों को श्रद्धांजलि देना और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करना समुदाय की सामाजिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल सहित अजय रावत, जयदेव, टेक प्रसाद, अर्जुन मगर, गीता क्षेत्री, दक्षिणा, चाहना और दीपा समेत बड़ी संख्या में समुदाय के लोग मौजूद रहे ।


