HTML tutorial

15 अक्टूबर के बाद सड़कों पर उतरेंगे CM धामी, खुद करेंगे औचक निरीक्षण

Pahado Ki Goonj

15 अक्टूबर के बाद सड़कों पर उतरेंगे CM धामी, खुद करेंगे औचक निरीक्षण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानसून से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि 15 अक्टूबर के बाद वे कभी भी सड़क मार्ग से यात्रा कर सड़कों की स्थिति का औचक निरीक्षण कर सकते हैं। उन्होंने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सड़कों की नियमित समीक्षा करने और संबंधित विभागों व कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही सड़क निर्माण एवं मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं पर भी नजर

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता समेत अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा गया।

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान पर जोर

मुख्यमंत्री ने अभियान के तीसरे चरण को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाए। जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

वहीं, ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जनसेवा और जनभागीदारी के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।

स्वाइन फ्लू और जलजनित रोगों को लेकर अलर्ट

मुख्यमंत्री ने स्वाइन फ्लू सहित विभिन्न संक्रामक और जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा। जिलाधिकारियों को समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता की जांच करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। शासन और प्रशासन आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाएं।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल सहित सचिवगण, विभागाध्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

You May Like