
देहरादून से नाबालिग बरामद, दुष्कर्म का आरोपी 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार
मोरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, सीसीटीवी-सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची टीम ।
उत्तरकाशी। मोरी।
मोरी थाना क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग को पुलिस ने देहरादून से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने दुष्कर्म के आरोपी 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को नाबालिग के परिजन ने उसके बिना बताए घर से चले जाने और वापस न लौटने की तहरीर थाना मोरी में दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज किया।
मामला संवेदनशील होने के चलते एसपी उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने नाबालिग की शीघ्र बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सीओ बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मोरी के नेतृत्व में पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए सुराग जुटाए। लगातार प्रयासों के बाद 10 सितंबर को नालापानी चौक, देहरादून से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी नीरज कुमार (20), पुत्र विजय कुमार, निवासी पुरोला गांव, हाल निवासी आर्यनगर देहरादून को गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 65(1) और पोक्सो अधिनियम की धारा 5(ठ) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

