
पुरोला पुलिस का बड़ा एक्शन: 15.95 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 4.80 लाख की खेप बरामद
उत्तरकाशी,
21 जुलाई। उत्तरकाशी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुरोला क्षेत्र से दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 15.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4.80 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” एवं “नशामुक्त भारत अभियान” के तहत पूरे जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में थाना पुरोला पुलिस टीम को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 की रात्रि को नौगांव स्थित विल्ला रुद्रेश्वर मंदिर के समीप वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कूटी (UK 10A 8168) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कूटी सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 15.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज रावत (26 वर्ष) पुत्र महिदेव सिंह रावत तथा कुलदीप रावत (38 वर्ष) पुत्र जगवीर सिंह रावत, दोनों निवासी बड़कोट, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है।
बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना पुरोला में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/60 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ-साथ स्मैक की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह रावत, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल रहे।
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस अधिनियम के 24 मामलों में 30 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 49 लाख रुपये मूल्य की 8 किलोग्राम से अधिक चरस तथा 80.67 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अलावा नशे के कारोबार में लगातार संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है और अब तक चार तस्करों पर गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई सुनिश्चित की जा चुकी है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

