
सिल्क्यारा टनल में फिर हादसा: लाइनिंग का हिस्सा टूटकर गिरा, झारखंड निवासी 22 वर्षीय मजदूर की मौत
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिल्क्यारा-बड़कोट टनल में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब 2:00 बजे बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की शॉटक्रीट (कंक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 22 वर्षीय मजदूर नरेश गंजू की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के विरोध में गुरुवार सुबह से मजदूरों ने काम बंद कर दिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। निर्माण कार्य कर रही नवयुगा कंपनी के अधिकारी मजदूरों को समझाने और स्थिति को सामान्य करने में जुटे रहे।
इस घटना के बाद टनल निर्माण में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय स्तर पर श्रमिकों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत किए जाने की मांग उठाई है।
फिलहाल प्रशासन और निर्माण कंपनी की ओर से हादसे को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

