
कूड़ा उठाया, स्वच्छता का संदेश फैलाया—बड़कोट में एनडीआरएफ और पालिका का श्रमदान
उत्तरकाशी।बड़कोट।
बस स्टैंड से अस्पताल तक मंगलवार को स्वच्छता का संदेश गूंजा। “स्वच्छता में सहभाग–स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम के तहत 15वीं वाहिनी एनडीआरएफ और नगर पालिका परिषद बड़कोट ने संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान में 25 कर्मियों ने श्रमदान कर सार्वजनिक स्थलों की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
15वीं वाहिनी के सेनानी संतोष कुमार के मार्गदर्शन तथा टीम कमांडर उप निरीक्षक जी.डी. राजकुमार के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम 15/बी, गंगनानी-बड़कोट ने बस स्टैंड और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सफाई अभियान चलाया।
अभियान में एनडीआरएफ के 16 जवानों सहित नगर पालिका के 9 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। टीम ने बस स्टैंड, अस्पताल परिसर और आसपास से प्लास्टिक, रैपर व अन्य कचरा एकत्र कर क्षेत्र को साफ किया।
इस दौरान एनडीआरएफ जवानों ने दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान के माध्यम से लोगों से घर, बाजार और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।


