HTML tutorial
HTML tutorial

पवाणी के अग्निकांड पीड़ितों के लिए शांतिकुंज ने बढ़ाया मदद का हाथ, राहत सामग्री से भरा ट्रक रवाना

Pahado Ki Goonj

पवाणी के अग्निकांड पीड़ितों के लिए शांतिकुंज ने बढ़ाया मदद का हाथ, राहत सामग्री से भरा ट्रक रवाना

हरिद्वार से उत्तरकाशी के लिए पहुंची मदद, गायत्री परिवार के कार्यकर्ता प्रभावित गांव में पहुंचकर करेंगे सामग्री का वितरण ।

 

रिपोर्ट ( मदन पैन्यूली )

उत्तरकाशी जनपद के मोरी ब्लॉक स्थित पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अब शांतिकुंज हरिद्वार ने भी हाथ बढ़ाया है।

उत्तरकाशी गायत्री परिवार के परिजनों के अनुरोध पर आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शांतिकुंज की ओर से आवश्यक सामग्री से भरा एक ट्रक उत्तरकाशी के लिए रवाना किया गया।

अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख श्रद्धेया जीजी के आशीर्वाद से आयोजित इस सेवा कार्य के तहत शांतिकुंज प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पंड्या ने राहत सामग्री से लदे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान शांतिकुंज के वरिष्ठ कार्यकर्ता और समयदानी भी मौजूद रहे।

राहत सामग्री में प्रभावित परिवारों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राशन, कपड़े और घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल की गई हैं। ट्रक में आटा, चावल, दाल, तेल, मसाले, पहनने के वस्त्र, कंबल, चटाई और रसोई के बर्तन भेजे गए हैं, ताकि अग्निकांड के बाद मुश्किल हालात से जूझ रहे परिवारों को कुछ राहत मिल सके।

खास बात यह है कि गायत्री परिवार के कार्यकर्ता केवल राहत सामग्री भेजने तक ही सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि स्वयं पवाणी गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों को सामग्री वितरित करेंगे। इसके साथ ही कार्यकर्ता प्रत्येक परिवार की जरूरतों का भी जायजा लेंगे, ताकि उनकी वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप आगे भी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

गायत्री परिवार की ओर से कहा गया कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवार अकेले नहीं हैं। दुख और संकट के समय जरूरतमंदों की सेवा करना ही गायत्री परिवार की परंपरा और संस्कार रहे हैं। संगठन ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों की जरूरतों को देखते हुए भविष्य में भी यथासंभव सहयोग जारी रखा जाएगा।

You May Like