HTML tutorial
HTML tutorial

1200 जगहों पर मॉक ड्रिल, 3000 स्थानों पर जागरूकता अभियान… आपदा से निपटने को परखी गई उत्तराखंड की तैयारी

Pahado Ki Goonj

1200 जगहों पर मॉक ड्रिल, 3000 स्थानों पर जागरूकता अभियान… आपदा से निपटने को परखी गई उत्तराखंड की तैयारी

मंत्री मदन कौशिक ने एसईओसी पहुंचकर किया मॉक अभ्यास का निरीक्षण, बोले- हर चुनौती के लिए तैयार रहना जरूरी

सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान से मिली सीख को भविष्य की तैयारियों में शामिल करने पर जोर

देहरादून। उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयारियां कितनी पुख्ता हैं, इसे परखने के लिए शनिवार को प्रदेशभर में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के तहत आयोजित इस अभ्यास में राज्य के सभी 13 जनपदों और तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखा गया। चार दिवसीय अभियान के दौरान 1200 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल और 3000 से अधिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर मॉक अभ्यास का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों का गंभीरता से विश्लेषण कर उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सिल्क्यारा सुरंग रेस्क्यू अभियान साहस, धैर्य, समन्वय और संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है। इस अभियान ने साबित किया कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सभी एजेंसियां आपसी तालमेल और स्पष्ट रणनीति के साथ काम करें तो सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस केवल बीती घटना को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उससे मिली सीख को भविष्य की तैयारियों में शामिल करने का संकल्प भी है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और यहां भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बाढ़ तथा वनाग्नि जैसी आपदाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में समय पर चेतावनी, त्वरित राहत-बचाव और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।

मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, भूस्खलन, बादल फटने, बाढ़, जंगल की आग, सड़क दुर्घटना, नदी में डूबने, सुरंग हादसे और धार्मिक स्थलों पर भगदड़ जैसी परिस्थितियों का अभ्यास किया गया। इसके जरिए राहत एवं बचाव दलों की तत्परता और संसाधनों की उपलब्धता को परखा गया।

इस दौरान एआई आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम, ड्रोन सर्विलांस, जीआईएस मैपिंग, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और डिजिटल मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में मंत्री ने एसईओसी के ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों पर आधारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का विमोचन भी किया। वहीं एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन विभाग के अत्याधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। डीप डाइविंग सेट, थर्मल इमेजिंग कैमरा, नाइट विजन कैमरा, अंडरवाटर ड्रोन और सोनार सिस्टम जैसे उपकरण आकर्षण का केंद्र रहे।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि शनिवार को 150 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल हुई, जबकि चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान 1200 से अधिक स्थानों पर अभ्यास और 3000 से अधिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के तहत आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रमों का समापन हो गया।

Next Post

पवाणी के अग्निकांड पीड़ितों के लिए शांतिकुंज ने बढ़ाया मदद का हाथ, राहत सामग्री से भरा ट्रक रवाना

पवाणी के अग्निकांड पीड़ितों के लिए शांतिकुंज ने बढ़ाया मदद का हाथ, राहत सामग्री से भरा ट्रक रवाना हरिद्वार से उत्तरकाशी के लिए पहुंची मदद, गायत्री परिवार के कार्यकर्ता प्रभावित गांव में पहुंचकर करेंगे सामग्री का वितरण ।   रिपोर्ट ( मदन पैन्यूली ) उत्तरकाशी जनपद के मोरी ब्लॉक स्थित […]

You May Like