
### धामी सरकार ने खोला विकास का पिटारा, विभिन्न जिलों को मिले ₹17.75 करोड़
सड़कों से लेकर मंदिरों के सौंदर्यीकरण और पेयजल सुविधाओं तक होंगे काम, कई क्षेत्रों में हैंडपंप और संपर्क मार्गों का होगा निर्माण
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों को गति देने के लिए ₹17.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत जारी इस धनराशि से सड़क निर्माण, मंदिरों का सौंदर्यीकरण, मेला स्थलों का विकास, धर्मशालाओं का निर्माण और पेयजल सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
स्वीकृत योजनाओं में टिहरी जिले के प्रतापनगर क्षेत्र में हुणेश्वर महादेव मंदिर के पास धर्मशाला, कक्ष और शौचालय बनाए जाएंगे। इसके लिए ₹98.77 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं देवप्रयाग क्षेत्र के बड़ोला गांव में बिन्सर देवता मंदिर और डागर शिवालय का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला विधानसभा क्षेत्र में गटघोरगाड़ी नौलिंग मेला स्थल का निर्माण होगा। साथ ही मदकोट में मंदाकिनी पुल से राप्ती गांव तक पैदल एवं अश्व मार्ग बनाया जाएगा। डीडीहाट क्षेत्र के खोलीमाली कन्यूरी गांव में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया और सुरक्षा संबंधी कार्य भी किए जाएंगे।
चम्पावत जिले के लोहाघाट में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल का सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र का निर्माण होगा। वहीं चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में बसुधुरा से सेला तक संपर्क मार्ग बनाया जाएगा। टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में भी 10-10 किलोमीटर आंतरिक सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है।
हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र में 50 और भगवानपुर क्षेत्र में 200 हैंडपंप लगाए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधा बेहतर होगी। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए ₹184.37 लाख और चम्पावत के लोहाघाट क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विकास कार्यों के लिए ₹220 लाख की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और धार्मिक पर्यटन से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।


