HTML tutorial
HTML tutorial

दीपावली पर रेडक्रास ने बांटी खुशियां, जरूरतमंदों को कंबल तो बेजुबानों को मिला भोजन

Pahado Ki Goonj

दीपावली पर रेडक्रास ने बांटी खुशियां, जरूरतमंदों को कंबल तो बेजुबानों को मिला भोजन

**ओंकार बहुगुणा के निर्देशन में उत्तरकाशी में चला सेवा अभियान, गंगोत्री से आराकोट तक जरूरतमंदों की मदद को बढ़े हाथ**

**उत्तरकाशी।** दीपावली का पर्व जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने और बेजुबानों की भूख मिटाने के संकल्प के साथ भारतीय रेडक्रास सोसाइटी की उत्तरकाशी जिला शाखा ने सेवा अभियान चलाया। राज्य शाखा के चेयरमैन ओंकार बहुगुणा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत जरूरतमंदों को गर्म कंबल, कपड़े और आवश्यक सामग्री वितरित की गई। वहीं, बेसहारा पशुओं को भोजन और दूध उपलब्ध कराकर मानवता के साथ जीव सेवा का संदेश भी दिया गया।

जिला चेयरमैन माधव प्रसाद जोशी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित अभियान के दौरान रेडक्रास की एक्टिव मेंबर खुशी नौटियाल की अगुवाई में बेसहारा पशुओं को पेडिग्री और दूध खिलाया गया।

गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने से पूर्व रेडक्रास के प्रो-एक्टिव मेंबर डॉ. केपी जोशी की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में लोगों का ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन स्तर जांचने के साथ जरूरतमंदों को दवाइयां वितरित की गईं। आगामी छह माह की शीतकालीन अवधि को देखते हुए वहां रहने वाले जरूरतमंदों को गर्म कंबल, जैकेट, टोपी, जुराबें, दस्ताने और किचन सेट भी दिए गए।

इसी क्रम में ओंकार बहुगुणा और जिलाधिकारी एवं जिला रेडक्रास सोसाइटी के अध्यक्ष प्रशांत आर्य के निर्देश पर गंगनानी से उत्तरकाशी तक विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंद बच्चों को टॉफी, मूंगफली, गुड़, फ्रूटी, बिस्कुट, पेंसिल, रबर और कपड़े वितरित किए गए। वहीं, बुजुर्गों को गर्म कंबल देकर सर्दी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। रेडक्रास के एक्टिव मेंबर मनोज रावत ने आराकोट क्षेत्र में भी जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।

राज्य शाखा के चेयरमैन ओंकार बहुगुणा ने कहा कि भारतीय रेडक्रास सोसाइटी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सशक्त माध्यम है। समाज का प्रत्येक व्यक्ति आजीवन सदस्यता लेकर सेवा कार्यों में भागीदारी कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपने नियमित कार्यों के साथ थोड़ा समय और सहयोग समाजसेवा के लिए देने की अपील की।

जिला चेयरमैन माधव प्रसाद जोशी ने कहा कि रेडक्रास का सेवा अभियान दीपावली तक सीमित नहीं रहेगा। आगामी सर्दियों में जरूरतमंद बच्चों को स्वेटर और परिवारों को गर्म कंबल वितरित किए जाएंगे, ताकि ठंड के मौसम में उन्हें राहत मिल सके।

इस सेवा अभियान में जिला सचिव रतनमणि भट्ट, सतेंद्र नौटियाल, कोषाध्यक्ष सुधीर बनुणी, कार्यालय समन्वयक अजीत असवाल, डॉ. केपी जोशी, धनंजय सेमवाल, नागेश नौटियाल, मनोज रावत सहित रेडक्रास के अन्य सदस्य और स्वयंसेवी शामिल रहे।

Next Post

धामी का बड़ा ऐलान: आंगनबाड़ी, आशा, भोजनमाताओं और अतिथि शिक्षकों का बढ़ेगा मानदेय, आंदोलनकारियों की मांगों पर बनेगी कैबिनेट समिति

धामी का बड़ा ऐलान: आंगनबाड़ी, आशा, भोजनमाताओं और अतिथि शिक्षकों का बढ़ेगा मानदेय, आंदोलनकारियों की मांगों पर बनेगी कैबिनेट समिति भराड़ीसैंण से मुख्यमंत्री ने खोला घोषणाओं का पिटारा, राज्य स्थापना दिवस पर कीं 13 बड़ी घोषणाएं; छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं का विलंबित भुगतान सरचार्ज होगा माफ गैरसैंण (चमोली)। उत्तराखंड […]

You May Like