
उत्तराखंड के पांच जिलों में कल मौसम का कहर! ऑरेंज अलर्ट जारी, प्रशासन अलर्ट मोड पर
देहरादून। उत्तराखंड में 30 अक्टूबर को पांच जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में भारी बारिश की आशंका है।
मौसम की चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने भी अधिकारियों को लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
अधिकारियों को चारधाम यात्रा मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। खराब मौसम या खतरे की आशंका होने पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने को कहा गया है। लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और सीमा सड़क संगठन को सड़क बंद होने की स्थिति से निपटने के लिए मशीनरी और संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
प्रभावितों को जल्द मिलेगी राहत
ओलावृष्टि से हुए नुकसान के आकलन के बाद प्रभावित लोगों को सहायता देने के लिए जिलों से जल्द प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री राहत कोष और रिकवरी एंड रिकंस्ट्रक्शन के तहत सहायता के लिए भी प्रस्ताव भेजे जाएंगे।
चीड़बासा में पत्थर गिरने की समस्या पर भी चिंता
बैठक में चीड़बासा क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने की समस्या पर चर्चा हुई। अधिकारियों को यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा जाल लगाने सहित अन्य उपायों का प्रस्ताव जल्द तैयार कर शासन को भेजने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070 पर सूचना दें।


