
पत्रकारों के लिए धामी सरकार का बड़ा फैसला, 5 लाख की आर्थिक मदद और पेंशन की संस्तुति!
चार दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को ₹5-₹5 लाख, गंभीर बीमारी से जूझ रहे वरिष्ठ पत्रकार को भी मिलेगी सहायता
देहरादून। उत्तराखंड में पत्रकारों के कल्याण और सम्मान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में आयोजित बैठक में पत्रकार कल्याण कोष और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से जुड़े विभिन्न मामलों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹5-₹5 लाख की आर्थिक सहायता दिए जाने की संस्तुति की गई। वहीं, गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार के उपचार के लिए भी ₹5 लाख की सहायता देने की संस्तुति की गई।
इसके अलावा मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8,000 प्रतिमाह पेंशन प्रदान किए जाने की संस्तुति की गई है। इन निर्णयों का उद्देश्य संकट की स्थिति में पत्रकारों और उनके परिवारों को आर्थिक सहारा उपलब्ध कराना है।
पत्रकारों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध: सूचना महानिदेशक
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार कल्याण से जुड़े मामलों पर नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को संवेदनशीलता के साथ सहायता मिल सके।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य गिरीश तिवारी, अमित शर्मा और शशि शर्मा उपस्थित रहे।
मुख्य बिंदु:
- चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹5-₹5 लाख की सहायता की संस्तुति।
- गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार के उपचार के लिए ₹5 लाख की सहायता की संस्तुति।
- चार वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8,000 प्रतिमाह पेंशन दिए जाने की संस्तुति।


