
मोरी में 431 ग्राम चरस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, कीमत ₹86 हजार
किआ कार में ले जा रहे थे चरस, पुलिस ने कुनारा तिराहे के पास पकड़ा
मोरी (उत्तरकाशी)। उत्तरकाशी जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मोरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक किआ कार से 431 ग्राम अवैध चरस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत करीब 86 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात नैटवाड़ रोड पर कुनारा तिराहे के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन संख्या HR 06 7706 (किआ) में सवार दो व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 431 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश (48 वर्ष) और सोनू (41 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी के निर्देश पर चल रहा अभियान
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देश और पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण में जिलेभर में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने त्योहारी सीजन को देखते हुए चेकिंग और निगरानी बढ़ाई है।
इस साल 40 नशा तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 30 मामलों में 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान 10.9 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। बरामद नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 56 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा चार नशा तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम में शामिल रहे
- उपनिरीक्षक रघुवीर चौहान
- कांस्टेबल गणेश राणा
- कांस्टेबल अनील तोमर


