
मुनाफे का लालच देकर 70 लाख की ठगी! वित्तीय संस्था का संचालक हरिद्वार से गिरफ्तार
जमा पूंजी दोगुनी करने का दिया था झांसा, तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उत्तरकाशी पुलिस ने दबोचा आरोपी
उत्तरकाशी। अधिक ब्याज और भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों से 60 से 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को उत्तरकाशी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उत्तरकाशी के ज्ञानसू में ‘श्री समृद्धि उत्सव बैंक’ नाम से वित्तीय संस्था चला रहा था। पुलिस ने उसे हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित किराये के मकान से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्सव अग्रहरी पुत्र सत्यनारायण अग्रहरी, निवासी वार्ड नंबर 10, नेहरू नगर, सैयदराजा बरहनी, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश ने मार्च 2024 में ज्ञानसू में अपनी वित्तीय संस्था शुरू की थी। आरोप है कि उसने लोगों को अधिक ब्याज देने और जमा की गई रकम को दोगुना करने का लालच देकर निवेश कराया।
बताया गया कि शुरुआत में कुछ लोगों को मुनाफा देकर आरोपी ने अन्य लोगों का विश्वास जीता। इसके बाद कई निवेशकों से करीब 60 से 70 लाख रुपये जमा कराए गए। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गया।
महिला मैनेजर की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
इस मामले में वित्तीय संस्था में कार्यरत एक महिला कर्मचारी और मैनेजर की शिकायत पर सितंबर 2026 में कोतवाली उत्तरकाशी में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध संबंधी कानून (BUDS एक्ट) की धारा 3, 21(2) एवं 21(3) के तहत मामला दर्ज किया।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने संबंधित अधिकारियों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर पुलिस टीम ने 26 अक्टूबर 2026 को आरोपी उत्सव अग्रहरी को ज्वालापुर, हरिद्वार स्थित उसके किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह रही पुलिस टीम
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिलमोहन सिंह, हेड कांस्टेबल नितिन प्रताप और कांस्टेबल ललित प्रसाद शामिल रहे।
पुलिस ने निवेशकों से की सतर्क रहने की अपील
उत्तरकाशी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी बैंक, वित्तीय संस्था या निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता, पंजीकरण और विश्वसनीयता की जांच जरूर करें। अधिक ब्याज, भारी मुनाफे और कम समय में पैसा दोगुना करने के प्रलोभन में आकर अपनी मेहनत की कमाई निवेश न करें।
पुलिस ने साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी के साथ बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी, ओटीपी या पिन साझा न करने की सलाह भी दी है। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।


