
चुनाव 2027 की तैयारी तेज! EVM से लेकर सुरक्षा तक, निर्वाचन आयोग ने परखी तैयारियां
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न, 21 प्रवर्तन एजेंसियों ने दिया प्रेजेंटेशन
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। देहरादून में आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक मंगलवार को संपन्न हुई। बैठक में ईवीएम की जांच से लेकर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा बलों की तैनाती और चुनावी निगरानी तक विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया गया।
राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग सहित आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान दोनों मंडलायुक्तों, पुलिस रेंज के अधिकारियों, सभी जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
ईवीएम से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक तैयारियों की पड़ताल
बैठक के पहले दिन जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर आयोग की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वहीं, दूसरे दिन सभी जिलाधिकारियों ने जनपदवार चुनावी तैयारियों की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और फोर्स डिप्लॉयमेंट प्लान पर प्रस्तुतीकरण दिया।
21 एजेंसियां भी अलर्ट मोड में
चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की 21 प्रवर्तन एजेंसियों ने भी अपनी तैयारियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। इनमें अर्द्धसैनिक बल, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और कस्टम सहित अन्य एजेंसियां शामिल रहीं।
तय प्लान के अनुसार काम करने के निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों पर संतोष जताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित इलेक्शन प्लानर के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधान सचिव एस.बी. जोशी, बी.के. पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी निलेश आनंद भरणे, आईजी कुमाऊं रेंज नवेदिता कुकरेती, प्रभारी आईजी गढ़वाल रेंज विमि सचदेवा और स्टेट पुलिस नोडल आईजी कृष्ण कुमार वीके सहित विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर, उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए प्रशासनिक, तकनीकी और सुरक्षा तैयारियों को समय रहते दुरुस्त करने पर आयोग का जोर है।


