HTML tutorial
HTML tutorial

देवदार के 49 पल्ले लेकर निकली पिकअप,  वन विभाग को देख चालक फरार!

Pahado Ki Goonj

देवदार के 49 पल्ले लेकर निकली पिकअप,  वन विभाग को देख चालक फरार!

यमुना वन प्रभाग की बड़ी कार्रवाई, देवदार के 49 पल्लों से लदी पिकअप पकड़ी

उत्तरकाशी।बड़कोट।

उत्तरकाशी जनपद के अपर यमुना वन प्रभाग ने वन अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देवदार की लकड़ी से बने 49 दरवाजे, खिड़की और रोशनदान के पल्लों से लदी एक पिकअप को पकड़ा है। बरामद लकड़ी का बाजार मूल्य करीब एक लाख रुपये बताया गया है।

प्रभागीय वनाधिकारी अजय लिंगवाल के निर्देशन और उपप्रभागीय वनाधिकारी साधु लाल पलियाल के मार्गदर्शन में रवाई राजि क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त की जा रही थी। इसी दौरान 13 अक्टूबर की रात करीब दो बजे बिगराड़ी बीट के गडोली-पौंटी मोटर मार्ग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सराड़ी के समीप गस्ती दल को गडोली से पौंटी पुल की ओर एक पिकअप आती दिखाई दी।

वन कर्मियों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन को कुछ दूरी पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। तलाशी लेने पर पिकअप से देवदार प्रजाति की लकड़ी के विभिन्न नाप के 49 दरवाजे, खिड़की और रोशनदान के पल्ले बरामद हुए। वन विभाग ने वाहन और लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया।

वन क्षेत्राधिकारी आशीष नौटियाल ने बताया कि संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 की सुसंगत धाराओं में वाद पंजीकृत कर वाहन सीज कर दिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में वन दरोगा जयवीर राणा और सतीश रावत, वन बीट अधिकारी संदीप उनियाल, अंकित राणा और अजीत सिंह चौहान, बीट सहायक यशवंत सिंह रावत तथा राजकीय वाहन चालक राजवीर शामिल रहे।

You May Like