
चारधाम यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 4 लाख पार पहुंचे यात्री
उत्तरकाशी।
जनपद में प्रशासन द्वारा चारधाम यात्रा का सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन लगातार किया जा रहा है। यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं का भारी संख्या में आवागमन जारी है।
यात्रा बुलेटिन के अनुसार 13 मई 2026 को शाम 6:30 बजे तक दोनों धामों में कुल 26,718 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें 14,044 पुरुष, 12,116 महिलाएं तथा 558 बच्चे शामिल रहे।
यात्रा प्रारंभ होने के बाद से अब तक कुल 4,12,815 तीर्थयात्री दोनों पवित्र धामों में दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री धाम में 2,07,390 तथा गंगोत्री धाम में 2,05,425 श्रद्धालु पहुंचे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा धामों एवं यात्रा मार्गों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या के बीच यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
आज दोनों धामों के लिए कुल 2,243 वाहनों का संचालन किया गया, जिनमें यमुनोत्री के लिए 1,013 और गंगोत्री के लिए 1,230 वाहन रवाना किए गए। वहीं इस यात्रा सीजन में अब तक कुल 40,989 वाहनों के माध्यम से श्रद्धालु इन दोनों धामों तक पहुंच चुके हैं।
तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य परीक्षण किए जा रहे हैं। बुधवार को 4,766 यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग तथा 491 यात्रियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
अब तक कुल 1,25,413 श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जबकि 11,952 यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराया गया है।

