
गुलाबी कण्ठा ट्रैक पर बढ़ी रौनक, स्थानीय युवाओं को रोजगार की नई उम्मीद
उत्तरकाशी। बड़कोट
यमुना घाटी में स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर गुलाबी कण्ठा ट्रैकिंग रूट पर इन दिनों पर्यटकों और ट्रैकर्स की आवाजाही बढ़ने लगी है। गांधी जयंती के अवसर पर यमुनोत्री क्षेत्र के निसणी गांव निवासी अमित चौहान के नेतृत्व में ट्रैकर्स का दल गुलाबी कण्ठा ट्रैक पर पहुंचा। ट्रैकिंग के दौरान पर्यटकों ने यहां की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी वातावरण और शांत वादियों का आनंद लिया।
गुलाबी कण्ठा की मनमोहक प्राकृतिक छटा ट्रैकर्स को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्र में फैली हरियाली, पहाड़ों के खूबसूरत नजारे और प्राकृतिक वातावरण इस ट्रैक को खास बनाते हैं। देश-विदेश से यमुनोत्री धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए आने वाले समय में यह एक आकर्षक ट्रैकिंग डेस्टिनेशन बन सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गुलाबी कण्ठा ट्रैक को व्यवस्थित रूप से विकसित और विस्तारित किए जाने की जरूरत है। ट्रैक पर आवश्यक सुविधाएं विकसित होने से स्थानीय युवाओं को गाइड, पोर्टर, होमस्टे, घोड़ा-खच्चर और अन्य पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।

क्षेत्रवासियों का मानना है कि गुलाबी कण्ठा को पर्यटन मानचित्र पर बेहतर पहचान मिलने से यमुना घाटी में पर्यटन को नई दिशा मिल सकती है। इसके लिए ट्रैक का प्रचार-प्रसार करने के साथ ही सुरक्षित मार्ग, संकेतक, विश्राम स्थल और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित करना जरूरी है।

