
नेपाल बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आया गायत्री परिवार
संकट की घड़ी में सेवा का संकल्प—शांतिकुंज से राहत सामग्री लेकर 50 नेपाली कार्यकर्ताओं का दल रवाना
हरिद्वार, ।
नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा और विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार ने मानवीय संवेदना के साथ राहत अभियान शुरू किया है। आपदा से प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री पहुंचाने के लिए शांतिकुंज, हरिद्वार से आवश्यक सामग्री नेपाल भेजी जा रही है।
गायत्री परिवार प्रमुख श्रद्धेया शैल जीजी एवं उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या के मार्गदर्शन में शांतिकुंज के करीब 50 नेपाली कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय गायत्री परिजनों का सेवाभावी दल प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना हो रहा है। दल द्वारा जरूरतमंद परिवारों तक तिरपाल, राशन, आवश्यक दवाइयां और दैनिक उपयोग की जरूरी सामग्री पहुंचाई जाएगी।
गायत्री परिवार ने कहा कि यह पहल केवल राहत सामग्री पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति आत्मीयता, अपनत्व और मानवीय संवेदना का संदेश भी है। जिन परिवारों के आशियाने उजड़ गए हैं, उनके लिए तिरपाल सुरक्षा और आश्रय का सहारा बनेगा, जबकि राशन और दवाइयां संकट के समय जीवन की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में मदद करेंगी।
इस सेवा अभियान के पीछे परमपूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया माताजी भगवती देवी शर्मा की करुणा, सेवा और लोकमंगल की प्रेरणा को आधार बताया गया है। गायत्री परिवार का कहना है कि अध्यात्म की सार्थकता मानवता की सेवा और पीड़ितों के कल्याण में है।
नेपाल की इस भीषण आपदा के बीच गायत्री परिवार की यह पहल सीमा से परे मानवीय रिश्तों और सेवा भावना की मिसाल बनकर सामने आई है।

