
नुक्कड़ नाटक और लोकगीतों से गांव-गांव पहुंचा सेवा संकल्प अभियान,
ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी ।
उत्तरकाशी । पुरोला।
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड पुरोला में जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखंड सरकार के माध्यम से आयोजित इस अभियान में हिमालयी संस्कृति संरक्षण एवं शिक्षा संस्थान डामटा (नौगांव) के कलाकार नुक्कड़ नाटक, लोकगीतों और गीत-नाट्य के जरिए लोगों को योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।
अभियान के दौरान कलाकार ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और महत्वपूर्ण निर्णयों से अवगत करा रहे हैं। मनोरंजक और सरल अंदाज में प्रस्तुत किए जा रहे गीत-नाट्य के माध्यम से लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
संस्थान की ओर से ग्राम नौरी, कोरना, मैती, कोटी, मोल्टाड़ी, खड़क्यासेम और खाबलीसेरा सहित कई गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिली। स्थानीय संस्कृति और लोककला के माध्यम से संदेश पहुंचाने की इस पहल को ग्रामीणों के लिए प्रेरणादायक बताया गया।
कार्यक्रम का संचालन दल नेता दिनेश लाल के निर्देशन में किया जा रहा है। अभियान में कलाकार अनिल, सुमन, कशिश, रबीना, संजय हराण ,प्रीति, शीतल, मनीष और अमित सहित अन्य कलाकारों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।


