
दो वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर मीनाक्षी रावत ने बढ़ाया क्षेत्र का मान ।
उत्तरकाशी । बडकोट ।
ग्राम भाटिया निवासी मीनाक्षी रावत, पुत्री गजेन्द्र सिंह रावत, ने खेल जगत में शानदार प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन प्रतियोगिता में सिंगल्स और डबल्स दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मीनाक्षी की इस दोहरी सफलता से पूरे इलाके में खुशी की लहर है और उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
वर्तमान में मीनाक्षी रावत फायर पुलिस सेलाकुई, देहरादून में तैनात हैं। ड्यूटी की जिम्मेदारियों के साथ-साथ खेल के प्रति उनकी लगन, अनुशासन और निरंतर मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है।
राजस्थान के उदयपुर में आयोजित ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की बैडमिंटन प्रतियोगिता में मीनाक्षी ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, फुर्ती और सटीक रणनीति के दम पर सभी प्रतिद्वंद्वियों को पराजित करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
मीनाक्षी की इस उपलब्धि को लेकर स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, जय हो ग्रुप बड़कोट एवं खेल प्रेमियों ने उन्हें क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है। वहीं, परिवारजनों ने भी उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि मीनाक्षी की मेहनत, आत्मविश्वास और समर्पण आज रंग लाया है।
मीनाक्षी रावत की यह उपलब्धि न केवल उत्तरकाशी, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई है कि वे आने वाले समय में भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करती रहेंगी।


