
इन्द्रावती पुल के पास पुलिस का छापा, 3.55 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
**11.85 ग्राम स्मैक बरामद, वर्ष 2026 में अब तक 48 नशा तस्कर गिरफ्तार; 67.50 लाख रुपये के मादक पदार्थ जब्त**
**उत्तरकाशी।** जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने इन्द्रावती पुल के समीप चेकिंग के दौरान एक युवक को 11.85 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 3 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन तथा सीओ जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 16 नवंबर की शाम कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इन्द्रावती पुल के पास चेकिंग के दौरान संतोष चौहान (35), निवासी अलेथ, मानपुर उत्तरकाशी को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से 11.85 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली उत्तरकाशी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
**48 तस्कर गिरफ्तार, 67.50 लाख के मादक पदार्थ बरामद**
उत्तरकाशी पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 35 मुकदमे दर्ज कर 48 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 67.50 लाख रुपये कीमत की 13.8 किलोग्राम से अधिक चरस और 106.32 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अलावा चार नशा तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनोद पंवार, हेड कांस्टेबल भास्कर प्रकाश और हेड कांस्टेबल रंजीत सिंह शामिल रहे।


