HTML tutorial

यूपीआई शुल्क और जीएसटी सर्वे के विरोध में व्यापारी सड़क पर, हनुमान चौक पर सरकार का पुतला फूंका ।

Pahado Ki Goonj

यूपीआई शुल्क और जीएसटी सर्वे के विरोध में व्यापारी सड़क पर, हनुमान चौक पर सरकार का पुतला फूंका ।

उत्तरकाशी। रिपोर्ट मदन पैन्यूली।

जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तरकाशी ने केंद्र और राज्य सरकार की कथित व्यापारी विरोधी नीतियों के खिलाफ मंगलवार को हनुमान चौक पर प्रदर्शन कर सरकार का पुतला दहन किया। व्यापारियों ने यूपीआई लेनदेन पर शुल्क लगाने, जीएसटी सर्वे के नाम पर उत्पीड़न और ऑनलाइन कारोबार को बढ़ावा दिए जाने से स्थानीय व्यापारियों को हो रहे आर्थिक नुकसान का मुद्दा उठाया।
जिला अध्यक्ष सुभाष बडोनी ने कहा कि डिजिटल भुगतान बढ़ने से सरकार को जीएसटी और आयकर के रूप में राजस्व मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यूपीआई के माध्यम से लेनदेन बढ़ने से अर्थव्यवस्था में पारदर्शिता भी बढ़ रही है। ऐसे में दुकानदारों से यूपीआई लेनदेन पर किसी भी प्रकार का शुल्क लिया जाना व्यापारियों के हित में नहीं है।
उन्होंने कहा कि छोटे और स्थानीय व्यापारी पहले ही ऑनलाइन कारोबार और बड़े मॉल के बढ़ते प्रभाव के कारण आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। ऐसे समय में यूपीआई पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव व्यापारियों की मुश्किलें और बढ़ा सकता है। बडोनी ने अमेरिका की भुगतान कंपनियों द्वारा यूपीआई के निशुल्क मॉडल को लेकर जताई गई आपत्तियों का भी उल्लेख किया और सरकार से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
जिला महामंत्री अजय प्रकाश बडोला ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र और राज्य सरकार की व्यापारी विरोधी नीतियों में बदलाव नहीं किया गया तो व्यापारियों द्वारा आगामी चुनाव में इसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूपीआई पर शुल्क वापस नहीं लिया गया तो 15 अक्टूबर से ऑनलाइन भुगतान के बहिष्कार का निर्णय लिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आक्रोश जताया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष सुभाष बडोनी, महामंत्री अजय प्रकाश बडोला, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र बत्रा, संगठन मंत्री रमेश चंदोक व नरेश शर्मा, जोशियाड़ा व्यापार मंडल अध्यक्ष उत्तम गोसाई, मानसिंह गोसाई, मनमोहन थलवाल, सत्य पंवार, इश्तियाक अहमद, धीरज सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

You May Like