HTML tutorial

यूटीयू परीक्षा पेपर लीक मामले में सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार ।

Pahado Ki Goonj

यूटीयू परीक्षा पेपर लीक मामले में सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार
देहरादून, 23 जुलाई। उत्तराखंड में भर्ती और शैक्षणिक परीक्षाओं की पारदर्शिता बनाए रखने के अभियान के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के आरोप में शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को आयोजित यूटीयू की सम-सेमेस्टर परीक्षा से पहले आरोपी ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए छात्रों के साथ परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे। परीक्षा के बाद जब प्रश्नपत्र का मिलान किया गया तो साझा किए गए कई प्रश्न वास्तविक प्रश्नपत्र से काफी हद तक मेल खाते पाए गए।
मामले में यूटीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की शिकायत पर कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने भी अपनी जांच में परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य माध्यमों पर समान प्रश्न साझा किए जाने की पुष्टि की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती परीक्षाओं या विश्वविद्यालय परीक्षाओं में नकल, प्रश्नपत्र लीक और गोपनीयता भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में लागू सख्त नकलरोधी कानून के तहत अब तक 100 से अधिक नकल माफियाओं और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना है और यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Next Post

बड़कोट नगर पालिका को मिले तीन नए नामित सदस्य, शासन ने जारी किए आदेश ।

बड़कोट नगर पालिका को मिले तीन नए नामित सदस्य, शासन ने जारी किए आदेश । बड़कोट। उत्तराखंड शासन ने बड़कोट नगर पालिका परिषद में तीन नए नामित सदस्यों की नियुक्ति कर दी है। इस संबंध में 23 जुलाई 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किए गए। नामित सदस्यों में प्रवीन रावत, […]

You May Like