HTML tutorial

राष्ट्रीय स्तर पर उत्तरकाशी का गौरव बढ़ा: डॉ. जगदीश रावत को मिला ‘राष्ट्रीय शिक्षा रत्न पुरस्कार-2026’

Pahado Ki Goonj

 राष्ट्रीय स्तर पर उत्तरकाशी का गौरव बढ़ा: डॉ. जगदीश रावत को मिला ‘राष्ट्रीय शिक्षा रत्न पुरस्कार-2026’
उत्तरकाशी, 26 जुलाई।
जनपद उत्तरकाशी के लिए गर्व की बात है कि पीएम श्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय, बड़कोट में कार्यरत सहायक अध्यापक डॉ. जगदीश सिंह रावत को शिक्षा, साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘राष्ट्रीय शिक्षा रत्न पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान पृथ्वी अभ्युदय एजुकेटर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (PAI) द्वारा अमेटी विश्वविद्यालय, पंजाब में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व डीजीपी पंजाब  रजिंदर सिंह, विशिष्ट अतिथि उप शिक्षा निदेशक ऊना श्री देवेंद्र चंदेल, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं अमेटी विश्वविद्यालय, मोहाली के कुलपति डॉ. आर.के. कोहली तथा संस्था के संस्थापक डॉ. हर्षवर्धन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में डॉ. रावत को सम्मानित किया गया।
डॉ. जगदीश सिंह रावत लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक सरोकारों और साहित्य सृजन में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके कई शोध पत्र एवं साहित्यिक रचनाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित हो चुकी हैं, जिन्हें व्यापक सराहना मिली है।
सम्मान समारोह के दौरान पृथ्वी अभ्युदय एजुकेटर एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने कहा कि डॉ. रावत जैसी बहुमुखी प्रतिभाओं को सम्मानित करना संस्था के लिए गर्व का विषय है। संस्था वर्षों से शिक्षा, समाज सेवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती रही है तथा जरूरतमंदों के साथ एक सच्चे साथी की तरह खड़ी रहती है।
डॉ. रावत को यह सम्मान मिलने पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती सरिता, विद्यालय परिवार, अभिभावकों, छात्र-छात्राओं, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों तथा शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
यह उपलब्धि न केवल डॉ. जगदीश रावत के लिए, बल्कि पूरे उत्तरकाशी और उत्तराखंड के शिक्षा जगत के लिए भी गौरव का विषय बन गई है।

 

You May Like