
24×7 अलर्ट पर उत्तराखंड, सीएम धामी के सख्त निर्देश
देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से प्रदेशभर में वर्षा, बंद सड़कों, नदियों के जलस्तर, राहत-बचाव कार्यों और प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेने, बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द खोलने तथा जेसीबी, पोकलेन और अन्य मशीनरी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम ने हेली सेवाओं को भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए ताकि दुर्गम और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा सके। साथ ही बिजली, पेयजल और संचार सेवाएं बाधित होने पर उनकी शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
चारधाम यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। भारी बारिश या भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए और मौसम सामान्य होने के बाद ही आगे भेजा जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और राज्य तथा जिला स्तर के आपातकालीन परिचालन केंद्रों को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 29 और 30 जुलाई के लिए प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा के दौर की चेतावनी देते हुए लोगों और चारधाम यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

