HTML tutorial

पीआरडी जवानों की मांगों पर सरकार गंभीर, मंत्री रेखा आर्य ने कैबिनेट में प्रस्ताव लाने का दिया आश्वासन

Pahado Ki Goonj

पीआरडी जवानों की मांगों पर सरकार गंभीर, मंत्री रेखा आर्य ने कैबिनेट में प्रस्ताव लाने का दिया आश्वासन

देहरादून। प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन, उत्तराखंड के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष किशन सिंह रावत के नेतृत्व में विभागीय मंत्री श्रीमती रेखा आर्य से उनके आवास पर मुलाकात कर पीआरडी जवानों की वर्षों से लंबित दो सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक पुरोला मालचंद, प्रदेश महासचिव वीर सिंह रावत, जिला अध्यक्ष नवीन सिंह बिष्ट, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर तोमर, प्रदेश मीडिया प्रभारी विनोद तोमर, अंकित तोमर, भगत सिंह दानू, राहुल कुमार, सीताराम, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र नौगाई, चमन सिंह तोमर एवं अनिल दत्त सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल और विभागीय मंत्री के बीच मांगों को लेकर सकारात्मक वार्ता हुई। मंत्री रेखा आर्य ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि पीआरडी जवानों की दोनों जायज़ मांगों को आगामी मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में यथाशीघ्र प्रस्तुत करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय को गंभीरता और संवेदनशीलता से देख रही है तथा शीघ्र सकारात्मक निर्णय की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए विभागीय सचिव, विभागीय निदेशक एवं अन्य अधिकारियों को एकता विहार स्थित धरना स्थल भेजा, जहां पिछले 110 दिनों से पीआरडी जवान शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से धरना दे रहे हैं। अधिकारियों ने धरनारत जवानों को मंत्री का संदेश पहुंचाते हुए बताया कि सरकार उनकी मांगों के समाधान के प्रति गंभीर है और आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।
मंत्री के आश्वासन और विभागीय अधिकारियों के सकारात्मक रुख को देखते हुए प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन ने फिलहाल अपने धरने को स्थगित करने का निर्णय लिया है। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही कैबिनेट स्तर पर निर्णय लेकर पीआरडी जवानों की लंबित मांगों का समाधान करेगी।

You May Like