डेरिका के जंगल में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच ।
पुरोला (उत्तरकाशी)। पुरोला क्षेत्र के डेरिका के समीप जंगल में मंगलवार शाम एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान लोकेन्द्र भट्ट (30 वर्ष) निवासी कंडियालगांव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष दीपक कठैत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

