
नन्हे वैज्ञानिकों का कमाल: ऋषिराम शिक्षण संस्थान की विज्ञान प्रदर्शनी में नवाचारों ने जीता सभी का दिल ।
उत्तरकाशी, 1 अगस्त।
ऋषिराम शिक्षण संस्थान, जोशियाड़ा परिसर में शनिवार को आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों की प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच और नवाचार का शानदार संगम बन गई। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए कार्यशील (वर्किंग) वैज्ञानिक मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा एवं जल संरक्षण, आधुनिक तकनीक और दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान पर आधारित मॉडलों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और दर्शकों को खासा प्रभावित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध तंत्र के अध्यक्ष पं. गणपति प्रसाद जगूड़ी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अरविंद जगूड़ी, वरिष्ठ सदस्य ओमप्रकाश भट्ट, प्राचार्य डॉ. एस.के. मिश्रा, जूनियर सेक्शन के प्रधानाचार्य प्रकाशमणि सेमवाल, विज्ञान प्रदर्शनी के संयोजक किशोर नौटियाल, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मुख्य अतिथि पं. गणपति प्रसाद जगूड़ी ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों का विषय नहीं, बल्कि जीवन की समस्याओं का समाधान खोजने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिज्ञासु बने रहने, नए प्रयोग करने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के वैज्ञानिक और राष्ट्रनिर्माता हैं।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अरविंद जगूड़ी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा देना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक सोच, नेतृत्व क्षमता और सृजनात्मकता का विकास करती हैं।
वरिष्ठ सदस्य ओमप्रकाश भट्ट ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रत्येक मॉडल उनकी मेहनत, लगन और वैज्ञानिक सोच का परिचायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि उचित मार्गदर्शन मिलने पर ये विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, अनुसंधान की भावना और नवाचार के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक और वैज्ञानिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम के सफल संचालन में विज्ञान प्रदर्शनी के संयोजक किशोर नौटियाल एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए विज्ञान प्रदर्शनी को अत्यंत सफल, प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक आयोजन बताया।

