
ग्राम दोणी में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बड़कोट/उत्तरकाशी।
ग्राम पंचायत खानसी के अंतर्गत आने वाले ग्राम दोणी के ग्रामीणों ने पेयजल संकट के समाधान की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी बड़कोट को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन (हर घर जल) योजना के बावजूद गांव आज भी पेयजल सुविधा से वंचित है।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत खानसी में संचालित पम्पिंग योजना के तहत दोणी गांव सहित आसपास के गांवों तक पेयजल पहुंचाया जाना प्रस्तावित था, लेकिन योजना का कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से गांव में पेयजल की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के क्रियान्वयन के दौरान दोणी गांव की अनदेखी की गई, जिसके कारण आज भी यहां के लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगभग 25 से 30 परिवार निवास करते हैं, जिनकी आजीविका कृषि एवं पशुपालन पर आधारित है। ऐसे में पेयजल की कमी लोगों और पशुधन दोनों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर गांव तक पम्पिंग योजना के तहत जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में रविन्द्र बर्तवाल, शीशपाल बर्तवाल, जयवीर बर्तवाल, कृष्ण बर्तवाल, अंकित बर्तवाल, भरत बर्तवाल सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

