
ऑपरेशन प्रहार: ऑल्टो कार से 5 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, एक गिरफ्तार ।
उत्तरकाशी। बड़कोट।
चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में कोतवाली बड़कोट पुलिस द्वारा यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर रानाचट्टी स्थित जर्जर गाड़ के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने ऑल्टो कार संख्या UK07U-3634 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में वाहन से 5 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (सोलमेट ब्लू व्हिस्की) बरामद हुई। पुलिस ने वाहन चालक गुरूदेव सिंह रावत (38 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली बड़कोट में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक पवन बड़ोनी, कांस्टेबल गौरव रावत एवं कांस्टेबल जितेन्द्र शामिल रहे।

